1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. इंडिया टीवी चुनाव मंच पर बोले सचिन पायलट, 'हम एक साथ मिलकर लड़ रहे चुनाव और वापस बनाएंगे सरकार'

इंडिया टीवी चुनाव मंच पर बोले सचिन पायलट, 'हम एक साथ मिलकर लड़ रहे चुनाव और वापस बनाएंगे सरकार'

 Published : Nov 16, 2023 08:17 pm IST,  Updated : Nov 16, 2023 11:48 pm IST

इंडिया टीवी चुनाव मंच पर कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने बोलते हुए कहा कि प्रदेश में हम सब मिलकर चुनाव और लड़ रहे हैं और मुझे भरोसा है कि हम एक बार फिर से वापस आ रहे हैं और यहां की परम्परा को बदलने जा रहे हैं।

इंडिया टीवी चुनाव मंच पर सचिन पायलट- India TV Hindi
इंडिया टीवी चुनाव मंच पर सचिन पायलट Image Source : INDIA TV

Chunav Manch: राजस्थान के चुनावी समर के बीच प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सचिन पायलट ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने इंडिया टीवी के चुनावी मंच कार्यक्रम पर कहा कि प्रदेश की जनता परम्परा को बदलने जा रही है। यहां सरकार के रिपीट ना होने की परम्परा रही है और इस बार जनता इसे बदलने वाली है। जनता को मालूम है कि अगर परम्परा नहीं बदली गई तो प्रदेश का विकास रुक जाएगा। यहां भी जुमलेबाजों की सरकार आ जाएगी।

बीजेपी ने विपक्ष में रहते हुए भी कुछ नहीं किया- सचिन पायलट 

सचिन पायलट ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी ने विपक्ष में रहते हुए पांच साल कुछ नहीं किया। उनके नेता घरों में सोते रहे। अब चुनाव होने लगे तो उनकी नींद टूटी और अब उन्हें मुद्दे समझ ही नहीं आ रहे हैं तो कुछ भी बात करने लगे हैं। जनता ने इन्हें विपक्ष में बैठाकर कुछ काम दिया था, लेकिन उन्होंने वह काम तो ठीक से किया नहीं तो अब जनता इन्हें सरकार में बैठाने की कभी गलती नहीं करेगी। सचिन पायलट ने कहा कि इनके खुद के इतने झगड़े हैं कि इन्हें सुलझाते-सुलझाते जिन्दगी समाप्त हो जाएगी। इनसे अपना घर संभल नहीं रहा है और यह दूसरों के घरों में झांक रहा है।

'कांग्रेस 30 सालों का इतिहास बदलने जा रही है'

कांग्रेस नेता ने कहा कि पिछले 30 सालों से यह इतिहास रहा है कि यहां सरकार रिपीट नहीं होती है, लेकिन इस बार हम यह बदलने जा रहे हैं। वहीं चुनाव जीतने पर सीएम के नाम पर बोलते हुए पायलट ने कहा कि हमारे मतदाता पार्टी को वोट देते हैं और इसके बाद विधायक दल की बैठक के बाद तय होता है कि कुर्सी कौन संभालेगा। 2018 में भी यही हुआ था और 2023 में भी यही होगा। 

मेरे और गहलोत साहब में कोई झगड़ा नहीं है- सचिन पायलट 

वहीं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से झगड़े पर उन्होंने कहा कि हमारे बीच कोई झगड़ा नहीं है। सचिन पायलट ने कहा कि सरकार की योजनाओं में कुछ कमियां थीं। कुछ दिक्कतें थीं और इसी को लेकर मैंने आवाज उठाई और केंद्रीय आलाकमान ने भी मेरी बात सुनी और मेरी बात को सही माना। इसके बाद कुछ फैसले लिए गए और सभी का समाधान हो गया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।