1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान चुनाव: BJP की दूसरी लिस्ट में छाई वसुंधरा राजे, खेमे के 10 विधायकों को टिकट

राजस्थान चुनाव: BJP की दूसरी लिस्ट में छाई वसुंधरा राजे, खेमे के 10 विधायकों को टिकट

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Oct 22, 2023 06:50 pm IST,  Updated : Oct 22, 2023 06:54 pm IST

वसुंधरा राजे के करीबियों को टिकट देकर बीजेपी अलाकमान ने डैमेज कंट्रोल किया है। बीजेपी ने अपनी दूसरी लिस्ट में वसुंधरा राजे को टिकट दिया है, जो पांचवीं बार झालरापाटन से चुनाव लड़ेंगी।

वसुंधरा राजे को झालरापाटन से टिकट- India TV Hindi
वसुंधरा राजे को झालरापाटन से टिकट Image Source : PTI

राजस्थान में 25 नवंबर को विधानसभा चुनाव होंगे। उससे पहले बीजेपी ने अपनी पहली लिस्ट में 41 नामों की घोषणा की थी, जिसमें कई बड़े सांसदों का नाम भी था। बीजेपी पहली लिस्ट जारी होने के बाद उठे विरोध के सुर अभी थमे भी नहीं थे कि इस बीच पार्टी ने उम्मदीवारों की दूसरी लिस्ट भी जारी कर दी, जिसमें 83 नामों का ऐलान किया गया है। बीजेपी की दूसरी लिस्ट में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की चलती दिखी। बीजेपी अलाकमान ने वसुंधरा राजे के करीबियों को टिकट देकर डैमेज कंट्रोल किया है।  

दूसरी लिस्ट में वसुंधरा राजे को टिकट 

बीजेपी ने अपनी दूसरी लिस्ट में वसुंधरा राजे को टिकट दिया है, जो पांचवीं बार झालरापाटन से चुनाव लड़ेंगी। वहीं, नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की सीट बदल दी गई है। उन्हें चुरू की बजाय तारानगर से टिकट दिया गया है। वे पहले भी तारानगर से चुनाव लड़ चुके हैं। कुछ दिन पहले बीजेपी में शामिल हुए उदयपुर के पूर्व राजपरिवार के सदस्य विश्‍वराज सिंह मेवाड़ को नाथद्वारा से टिकट दिया गया है। उनका मुकाबला विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी से होगा। 

दूसरी लिस्ट में 8 विधायकों के टिकट कटे

इस बीच, बीजेपी ने दूसरी सूची में आठ विधायकों के टिकट काट दिए हैं। इनमें सूरसागर से सूर्यकांत व्यास, सांगानेर से अशोक लाहोटी, चित्तौड़गढ़ से चंद्रभान सिंह आक्या, सूरजगढ़ से सुभाष पूनिया, नागौर से मोहन राम चौधरी, मकराना से रूपाराम, बड़ी सादड़ी से ललित कुमार ओस्तवाल और घाटोल से हरेंद्र निनामा शामिल हैं।

वसुंधरा गुट के विधायकों को टिकट

वसुंधरा राजे गुट से जिन 10 विधायकों को पार्टी का टिकट मिला है, उनमें मालवीय नगर से कालीचरण सराफ, छबड़ा से प्रताप सिंह सिंघवी, संगरिया से गुरदीप सिंह शाहपिनी, निंबाहेड़ा से श्रीचंद कृपलानी, नौहर से अभिषेक मटोरिया, डग से कालूलाल मेघवाल, खानपुर से नरेंद्र नागर, मनोहरथाना से गोविंद रानीपुरिया, नीमकाथाना से प्रेम सिंह और बगरू से कैलाश चंद वर्मा शामिल हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।