1. Hindi News
  2. खेल
  3. आईपीएल
  4. IPL 2022, DC vs KKR Match Preview: दिल्ली के सामने केकेआर की मुश्किल चुनौती, जीत की पटरी पर लौटने की है दोनों की कोशिश

IPL 2022, DC vs KKR Match Preview: दिल्ली के सामने केकेआर की मुश्किल चुनौती, जीत की पटरी पर लौटने की है दोनों की कोशिश

 Edited By: India TV Sports Desk
 Published : Apr 28, 2022 11:03 am IST,  Updated : Apr 28, 2022 11:03 am IST

इंडियन प्रीमियर लीग 2022 के 41वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की भिड़ंत होगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा।

DC vs KKR Dream11,DC vs KKR Dream11 News,DC vs KKR Dream11 Updates,DC vs KKR Dream11 Indian Premier - India TV Hindi
केकेआर के खिलाफ बल्लेबाजी के दौरान दिल्ली कैपिटल्स के डेविड वार्नर और पृथ्वी शॉ Image Source : IPLT20.COM/BCCI

Highlights

  • आईपीएल 2022 में दिल्ली और कोलकाता की टीम दूसरी बार एक दूसरे का सामना करेगी
  • दोनों ही टीमों की कोशिश होगी कि वह इस मुकाबले में जीत के साथ अपने लय को प्राप्त करें

दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) की टीम पिछले मैच के ‘नोबॉल’विवाद को भुलाकर वापसी के लिये बेताब कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders)के खिलाफ होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) मैच में आवश्यक लय हासिल करने की कोशिश करेगी। दिल्ली को पिछले मैच में राजस्थान रॉयल्स से 15 रन से हार का सामना करना पड़ा था। यह मैच ऊंची फुलटॉस को नोबॉल न दिये जाने के विवाद के कारण चर्चा में रहा जिसके बाद दिल्ली के सहायक कोच प्रवीण आमरे पर एक मैच का प्रतिबंध लगा दिया गया था। उसके मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ने क्वारंटीन पर रहते हुए यह करीबी मैच देखा था। 

पोंटिंग की टीम में अब वापसी हो गयी है और उन्हें उम्मीद है कि टीम टूर्नामेंट के दूसरे चरण में जरूरी लय हासिल करने में सफल रहेगी। दिल्ली सात मैचों में तीन जीत से अंकतालिका में सातवें स्थान पर है जबकि केकेआर ने अपने पिछले चार मैच गंवाये हैं और वह आठवें स्थान पर है। दिल्ली की बल्लेबाजी मजबूत है जिसमें डेविड वार्नर, पृथ्वी सॉव, ऋषभ पंत और रोवमैन पॉवेल जैसे खिलाड़ी हैं। 

यह भी पढ़ें- IPL 2022: राशिद खान और राहुल तेवतिया ने GT को SRH पर दिलाई रोमांचक जीत, पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंची गुजरात

केकेआर के गेंदबाजों से रहना होगा सतर्क

केकेआर के गेंदबाजों को उनके सामने सतर्क रहना होगा। वार्नर लगातार तीन अर्धशतक जड़ने के बाद रॉयल्स के खिलाफ नहीं चल पाये थे और वह फिर से बड़ी पारी खेलने के लिये बेताब होंगे। पृथ्वी को भी अपनी अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने की जरूरत है। दिल्ली ने सरफराज खान को तीसरे नंबर पर आजमाया लेकिन वह नाकाम रहे। यह देखना होगा कि टीम उन पर फिर से भरोसा दिखाती है या नहीं। 

यह भी पढ़ें- IPL 2022: उमरान मलिक ने 'पंजे' से वानखेड़े में मचाया तहलका, गुजरात टाइटंस की आधी टीम को अकेले किया आउट

कप्तान पंत और तीनों ऑलराउंडर ललित यादव, शार्दुल ठाकुर और अक्षर पटेल को अहम भूमिका निभानी होगी। पंत अकेले दम पर किसी भी मैच का रुख पलट सकते हैं, लेकिन वह अभी तक अपनी क्षमता के साथ उचित न्याय नहीं कर पाये हैं। पॉवेल ने पिछले मैच में छक्के जड़ने की अपनी क्षमता का अच्छा परिचय दिया था। दिल्ली के गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन उन्हें पिछले मैच में जोस बटलर के हाथों हुई धुनाई को भूलना होगा। 

खलील अहमद शुरू में ही विकेट ले रहे हैं और मुस्ताफिजुर रहमान ने उनका अच्छा साथ दिया है। कुलदीप यादव ने मौकों को अच्छी तरह से भुनाया है, वहीं अन्य स्पिनर अक्षर और ललित ने भी अपनी भूमिका अच्छी तरह से निभाई है। इन तीनों ने मिलकर अभी तक 20 विकेट लिये हैं और ऐसे में उनके 12 ओवर महत्वपूर्ण होंगे। जहां तक केकेआर का सवाल है तो उसे अपना संयोजन सही करने की जरूरत है। उसके कप्तान श्रेयस अय्यर सहित सभी बल्लेबाजों को बेहतर प्रदर्शन करना होगा। 

बल्लेबाजी क्रम में केकेआर को बदलनी होगी रणनीति

श्रेयस पिछले मैच में नहीं चल पाये थे। सैम बिलिंग्स और सुनील नारायण की उसकी सलामी जोड़ी भी विफल रही थी। यदि इन दोनों को पारी का आगाज का जिम्मा फिर से सौंपा जाता है तो उन्हें टीम को आक्रामक शुरुआत देनी होगी। श्रेयस, नीतीश राणा, रिंकू सिंह और वेंकटेश अय्यर के लिये दिल्ली के स्पिनरों का सामना करना आसान नहीं होगा। 

यह भी पढ़ें- IPL 2022: दिल्ली कैपिटल्स के लिए गुड न्यूज, कोरोना से उबरने के बाद टीम के साथ जुड़े दो स्टार खिलाड़ी

वेंकटेश को मध्यक्रम में उतारने के अभी तक अनुकूल नतीजे नहीं आये हैं। केकेआर के तेज गेंदबाज उमेश यादव और टिम साउदी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन स्पिनर वरुण चक्रवर्ती का नहीं चल पाना उसके लिये चिंता का विषय है। 

टीम इस प्रकार हैं : 

कोलकाता नाइट राइडर्स: एरोन फिंच, अभिजीत तोमर, अजिंक्य रहाणे, बाबा इंद्रजीत, नीतीश राणा, प्रथम सिंह, रिंकू सिंह, श्रेयस अय्यर, अशोक शर्मा, पैट कमिंस, रसिख डार, शिवम मावी, टिम साउदी, उमेश यादव, वरुण चक्रवर्ती, अमन खान, आंद्रे रसेल, अनुकुल रॉय, चमिका करुणारत्ने, मोहम्मद नबी, रमेश कुमार, सुनील नरेन, वेंकटेश अय्यर, सैम बिलिंग्स, शेल्डन जैक्सन। 

दिल्ली कैपिटल्स: ऋषभ पंत (कप्तान), अश्विन हेब्बर, डेविड वार्नर, मनदीप सिंह, पृथ्वी सॉव, रोवमैन पॉवेल, एनरिक नोर्किया, चेतन सकारिया, खलील अहमद, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिडी, मुस्ताफिजुर रहमान, शार्दुल ठाकुर, अक्षर पटेल, कमलेश नागरकोटी, ललित यादव, मिशेल मार्श, प्रवीण दुबे, रिपल पटेल, सरफराज खान, विक्की ओस्तवाल, यश धुल, केएस भरत और टिम सीफर्ट।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।