1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. उत्तर प्रदेश की 65 लोकसभा सीटों पर सपा लड़ेगी चुनाव, राज्य कार्यकारिणी की बैठक में हुआ मंथन

उत्तर प्रदेश की 65 लोकसभा सीटों पर सपा लड़ेगी चुनाव, राज्य कार्यकारिणी की बैठक में हुआ मंथन

 Reported By: Vishal Pratap Singh Edited By: Niraj Kumar
 Published : Nov 01, 2023 11:25 pm IST,  Updated : Nov 01, 2023 11:25 pm IST

वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अभी से कमर कसनी शुरू कर दी है। इसी क्रम में आज राज्य कार्यकारिणी की बैठक में यह फैसला हुआ कि गठबंधन की स्थिति में पार्टी यूपी की 65 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

Akhilesh yadav, Samajwadi party- India TV Hindi
अखिलेश यादव, अध्यक्ष, समाजवादी पार्टी Image Source : फाइल

लखनऊ: आगामी लोकसभा चुनाव की रणनीतियों को लेकर समाजवादी पार्टी राज्य कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मथन किया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी में 65 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के संकेत दिए हैं। समाजवादी पार्टी गठबंधन दलों के लिए 15 सीटें छोड़ेगी।  गठबंधन नही हो पाने के हालात में समाजवादी पार्टी 80 सीटों अकेले चुनाव लड़ने को तैयार है।

Related Stories

विधानसभा चुनाव में 35 फीसदी वोट मिले

समाजवादी के प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने बताया कि बुधवार को पार्टी की राज्य कार्यकारिणी की बैठक में वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर मंथन हुआ। जिसमें सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बताया कि सपा विपक्षी  गठबंधन 'इंडिया' का हिस्सा है। साथ ही यूपी का सबसे बड़ा दल है। विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को कुल 35 प्रतिशत वोट शेयर मिले हैं, इसीलिए, 80 में से 65 लोकसभा सीटों पर सपा चुनाव लड़ेगी। 15 सीटें दूसरे दलों को देने का काम करेगी। अगर सपा गठबंधन में नहीं जाएगी तो वह भाजपा को 80 सीटों पर हराने का काम करेगी।

बीजेपी को सत्ता से हटाने के लिए अभी से जुट जाएं-अखिलेश

अखिलेश यादव ने राज्य कार्यकारिणी की बैठक में कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को सत्ता से हटाने के लिए पूरी तैयारी के साथ अभी से जुट जाएं। यह चुनाव आगे आने वाली पीढ़ी के भविष्य को भी तय करेगा। देश में लोकतंत्र और संविधान बचाने का यह अंतिम चुनाव होगा। समाजवादी पीडीए भाजपा के एनडीए को सत्ता से हटाएगा। भाजपा इस चुनाव में समाजवादी पीडीए के सामने कहीं टिक नहीं सकेगी।

बहादुर और कर्मठ कार्यकर्ताओं के मुकाबले बीजेपी नहीं टिकेगी-अखिलेश

उन्होंने कहा कि भाजपा समाजवादी पार्टी के विकास कार्यों और पार्टी के बहादुर और कर्मठ कार्यकर्ताओं के मुकाबले कहीं नहीं टिक पाएगी। भाजपा सरकार शासन प्रशासन का दुरुपयोग कर चुनाव प्रभावित करने की कोशिश करेगी। इनके पास गिनाने या दिखाने को अपना कोई काम नहीं है। 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने सत्ता का दुरूपयोग कर समाजवादी पार्टी को हराने का काम किया था। बैठक में शिवपाल सिंह यादव और सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव समेत तमाम बड़े नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। (इनपुट-एजेंसी)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।