1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. चीन में टीचर ने 25 मासूम बच्चों के खाने में मिलाया था जहर, कोर्ट ने दी फांसी की सजा

चीन में टीचर ने 25 मासूम बच्चों के खाने में मिलाया था जहर, कोर्ट ने दी फांसी की सजा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 29, 2020 04:41 pm IST,  Updated : Sep 29, 2020 04:41 pm IST

चीन में किंडरगार्टेन में पढ़ाने वाली एक टीचर को फांसी की सजा दी गई है। इस टीचर में नर्सरी स्कूल को कुल 25 बच्चों को जहर दिया था, जिनमें से एक बच्चे की मौत भी हो गई थी।

Teacher Sodium Nitrate, Sodium Nitrate China, China Teacher Sodium Nitrate, China Sodium Nitrate- India TV Hindi
चीन में किंडरगार्टेन में पढ़ाने वाली एक टीचर को फांसी की सजा दी गई है। Image Source : PIXABAY REPRESENTATIONAL

बीजिंग: चीन में किंडरगार्टेन में पढ़ाने वाली एक टीचर को फांसी की सजा दी गई है। इस टीचर में नर्सरी स्कूल को कुल 25 बच्चों को जहर दिया था, जिनमें से एक बच्चे की मौत भी हो गई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस टीचर का नाम वांग यून है और इसे चीन के हेनान प्रांत में स्थित जिआओजू इलाके से गिरफ्तार किया गया है। ये सारे बच्चे सुबह-सुबह दलिया खाने के बाद बुरी तरह बीमार हो गए थे और उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा था।

बहस के बाद मिलाया था सोडियम नाइट्रेट

स्थानीय अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, हाल ही में इस टीचर की अपने एक साथी से बहस हो गई थी। बस इसी बात का बदला लेने के लिए उसने पिछले साल 27 मार्च को इन बच्चों के नाश्ते में सोडियम नाइट्रेट मिला दिया था। जिआओजू की स्थानीय अदालत ने कहा कि टीचर ने छात्रों के मैनेजमेंट को लेकर हई बहस के बाद बच्चों के खाने में जहर मिला दिया था। बता दें कि सोडियम नाइट्रेट का इस्तेमाल खाने को सुरक्षित बनाने के लिए किया जाता है, लेकिन इसकी ज्यादा मात्रा जानलेवा होती है।

कई बच्चे नाश्ते के बाद हो गए थे बेहोश
दलिया में सोडियम नाइट्रेट की ज्यादा मात्रा मिलाने के चलते बच्चों पर इसका बेहद ही घातक असर हुआ था। नाश्ते के बाद 23 बच्चों को उल्टी हो गई थी और कई बेहोश हो गए थे। बाद में मामले की जांच हुई तो पता चला कि महिला ने कुल 25 बच्चों के नाश्ते में जहर मिलाया था। इस घटना ने चीन में काफी कोहराम मचाया था और अगले कई दिनों तक यह खबर सुर्खियों में रही थी। वहीं, पूरी दुनिया की मीडिया ने भी इस घटना को प्रमुखता से कवर किया था।

पति के कप में भी मिला दिया था जहर
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस जहर का असर बच्चों पर काफी दिन तक रहा था। यहां तक कि एक बच्चे ने 10 महीनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद दम तोड़ दिया था। टीचर ने न सिर्फ बच्चों के खाने में सोडियम नाइट्रेट मिलाया था, बल्कि यह जहर उसने अपने पति के कप में भी मिलाया था, जिससे वह बीमार पड़ गए थे। चीन की कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए वांग को मौत की सजा सुनाई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश