काबुल: सोशल मीडिया वेसाइट Twitter पर पोस्ट की गईं तस्वीरों में काबुल में एक दीवार पर पेंट की गई महिलाओं की तस्वीरों को पेंट से ढंकता पुरुष नजर आ रहा है। तालिबान के काबुल में घुसने के साथ ही महिलाओं में खलबली-सी मच गई है और वे सोशल मीडिया पर मदद की गुहार लगा रही हैं। बता दें कि साल 2002 से पहले जब अफगानिस्तान पर तालिबान का कब्जा था, तब मुल्क में शरीया कानून लागू किया गया था। इस कानून के तहत सजा के तौर पर व्यभिचार करने पर पत्थर मारना, चोरी करने पर अंगों को काटना और 12 साल से अधिक उम्र की लड़कियों को स्कूल जाने से रोकना शामिल था।
‘महिलाओं और प्रेस के अधिकारों का सम्मान करेंगे’
तालिबान के एक अधिकारी ने इस बारे में कहा है कि किसी भी गुनाह की सजा देने का फैसला अदालतें करेंगी। तालिबान ने हाल के दिनों में अफगानिस्तान के जिन इलाकों पर कब्जा किया है, वहां महिलाओं को घर के किसी पुरुष सदस्य के बिना बाहर निकलने की इजाजत नहीं है। वहीं, कुछ महिला कर्मचारियों को बताया गया है कि उनकी जगह अब पुरुष नौकरी करेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन इलाकों की महिलाओं को भी बुर्का पहनने को कहा जा रहा है। इससे पहले, एक रिपोर्ट में कहा गया था कि तालिबान के एक प्रवक्ता ने कसम खाई है कि आतंकवादी महिलाओं और प्रेस के अधिकारों का सम्मान करेंगे।
संपादक की पसंद