उत्तराखंड के खटीमा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के चकरपुर क्षेत्र के जंगल में एक युवक का अधजला शव मिला है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान चकरपुर निवासी आयुष चंद के रूप में हुई है। मृतक के परिजन युवक की हत्या की आशंका जता रहे हैं।
Related Stories
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
युवक का अधजला शव बरामद होने के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बता दें कि हनुमानगढ़ी के चकरपुर निवासी 21 वर्षीय आयुष चंद बुधवार शाम को दवाई लेने के लिए स्कूटी से खटीमा गया था, लेकिन वह रात को घर नहीं लौटा। गुरुवार सुबह उसका शव वनखंडी मंदिर के पीछे जंगल में मिला। शव बुरी तरह जला था। घटनास्थल पर युवक की स्कूटी, दो मोबाइल और पेट्रोल का डिब्बा बरामद हुआ। परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आयुष देहरादून से बीबीए कर रहा था।

हरदोई में बाग में मिला अधजला शव
बीते दिनों उत्तर प्रदेश के हरदोई के पिहानी कोतवाली क्षेत्र के मंसूरनगर गांव में एक अनजान शख्स का अधजला शव एक बाग में देखा गया। शव पेड़ पर लटका हुआ मिला। पुलिस इस बात की जांच में जुटी है कि शख्स की हत्या की गई है या उसे जिंदा जलाकर पेड़ पर लटका दिया गया था। अभी शव की पहचान भी नहीं हो पाई है। (IANS इनपुट के साथ)