1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कमलनाथ को जेल भिजवाने तक लड़ूंगा केस, आम आदमी पार्टी छोड़ने के बाद फुल्का का बयान

कमलनाथ को जेल भिजवाने तक लड़ूंगा केस, आम आदमी पार्टी छोड़ने के बाद फुल्का का बयान

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jan 04, 2019 07:37 pm IST,  Updated : Jan 04, 2019 07:39 pm IST

आम आदमी पार्टी को छोड़ने के बाद वरिष्ठ वकील एच एस फुल्का ने कहा है कि सिख दंगों के मामलों में सज्जन कुमार को जेल भिजवाने के बाद वे पीछे नहीं हटेंगे

Will ensure Kamal Nath and Tytler go to jail says HS Phoolka- India TV Hindi
Will ensure Kamal Nath and Tytler go to jail says HS Phoolka

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी को छोड़ने के बाद वरिष्ठ वकील एच एस फुल्का ने कहा है कि सिख दंगों के मामलों में सज्जन कुमार को जेल भिजवाने के बाद वे पीछे नहीं हटेंगे और तबतक केस लड़ते रहेंगे जबतक कमलनाथ और जगदीश टाइटलर को जेल की सजा नहीं हो जाती। उन्होंने शुक्रवार को एक प्रेस वार्ता के दौरान यह बयान दिया है। फुल्का ने गुरुवार को आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे दिया था।

कांग्रेस नेता कमलनाथ और जगदीश टाइटलर पर 1984 के सिख दंगों में शामिल होने का आरोप है, कमलनाथ अब मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं और जब मुख्यमंत्री पद को लेकर उनके नाम की घोषणा हुई थी तो सिख दंगों को लेकर उनके ऊपर लगे आरोपों का जिन्न फिर से बाहर आ गया था। गुरुवार को पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने एक भाषण में कहा था कि जिन लोगों पर सिख दंगों में शामिल होने का आरोप लगा है उन्हें कांग्रेस ने मुख्यमंत्री बना दिया है।

एच एस फुल्का ने शुक्रवार को यह भी कहा है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अन्ना हजारे ने जो मुहिम छेड़ी हुई थी उसको राजनीतिक दल मे बदलना एक गलत फैसला था। शुक्रवार को एच एस फुल्का ने कहा कि 5 साल राजनीति में रहने के बाद वह यह मानते हैं कि अन्ना हजारे की मुहिम को राजनीतिक दल में नहीं बदलना चाहिए था।

गौरतलब है कि अन्ना हजारे ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जो मुहिम छेड़ी थी, उसी मुहिम में शामिल लोगों ने मिलकर बाद में आम आदमी पार्टी का गठन किया था। हालांकि गठन के समय आम आदमी पार्टी में जितने लोग जुड़े थे उनमें से अधिकतर प्रभावशाली लोग अब पार्टी छोड़ चुके हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत