1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. जापान के पूर्व PM शिंजो आबे की हत्या करने वाले शख्स को हुई उम्रकैद की सजा, चुनाव प्रचार के दौरान हुआ था हमला

जापान के पूर्व PM शिंजो आबे की हत्या करने वाले शख्स को हुई उम्रकैद की सजा, चुनाव प्रचार के दौरान हुआ था हमला

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Jan 21, 2026 10:31 am IST,  Updated : Jan 21, 2026 10:57 am IST

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या करने वाले शख्स को कोर्ट ने सजा का ऐलान कर दिया है। दोषी शख्स को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है।

Shinzo Abe- India TV Hindi
शिंजो आबे Image Source : AP/FILE

टोक्यो: जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या करने वाले शख्स को कोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। गौरतलब है कि शिंजो आबे के ऊपर चुनाव प्रचार के दौरान जानलेवा हमला हुआ था।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल शिंजो पर हमला करने वाले शख्स ने अपना जुर्म कबूल कर लिया था। इसके बाद जापानी अदालत ने इस अपराधी को उम्रकैद की सजा सुनाई। अपराधी की पहचान 45 साल के तेत्सुया यामागामी के रूप में हुई थी। यामागामी ने पहले जुलाई 2022 में नारा शहर में चुनाव प्रचार भाषण के दौरान आबे की हत्या करने का जुर्म कबूल किया था। न्यूज एजेंसी AP ने NHK पब्लिक टेलीविजन के हवाले से इस खबर के बारे में जानकारी दी है।

मिली जानकारी के मुताबिक, नारा डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने फैसले की पुष्टि की और अभियोजकों के अनुरोध के अनुसार यामागामी को उम्रकैद की सजा सुनाई।

शिंजो आबे के साथ क्या हुआ था?

शिंजो आबे देश के पश्चिमी हिस्से नारा में एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें पीछे से गोली मारी गई थी। गोली लगने के बाद शिंजो को कार्डियक अरेस्ट भी हुआ था, जिसके बाद हॉस्पिटल में उनकी मौत हो गई थी। 

गोली चलाने वाले शख्स तेत्सुया यामागामी को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया गया था। मिली जानकारी के मुताबिक, यामागामी शिंजो की नीतियों से खुश नहीं था, इसलिए उसने हत्या के इरादे से ही शिंजो पर गोली चलाई थी। गोली लगने से शिंजो की गर्दन पर चोट पहुंची थी और रिपोर्ट्स आई थीं कि उनके सीने में भी ब्लीडिंग हुई।

जिस समय शिंजो पर ये हमला हुआ, उस वक्त वह 67 साल के थे। 

शिंजो के बारे में भी जानिए

शिंजो आबे का जन्म 1954 में हुआ था। उनका परिवार भी राजनीति से जुड़ा हुआ था। उनके पिता शिंतारो आबे जापान के विदेश मंत्री रहे थे। शिंजो आबे के दादा नोबुसुके किशी जापान के पीएम रहे थे। शिजों खुद साल 2006 में सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री बने थे। हालांकि तब उन्होंने कुछ ही समय में इस्तीफा दे दिया था। 

इसके बाद शिंजो 2012 से 2020 तक जापान के प्रधानमंत्री रहे थे। साल 2020 में स्वास्थ्य कारणों से उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश