1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र में हुई भारी बारिश से प्रभावित किसानों को लेकर CM शिंदे का ऐलान, दिए ये निर्देश

महाराष्ट्र में हुई भारी बारिश से प्रभावित किसानों को लेकर CM शिंदे का ऐलान, दिए ये निर्देश

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Oct 25, 2022 05:22 pm IST,  Updated : Oct 25, 2022 05:22 pm IST

महाराष्ट्र में हाल ही में हुई भारी बारिश ने कई जिलों में तबाही मचाई थी। बेमौसम हुई बरसात के चलते किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। बारिश के चलेत खेतों में तैयार फसलें खराब हो गई थीं। इसे लेकर सीएम शिंदे ने कहा कि किसानों को मौजूदा हालात पर नहीं छोड़ा जाएगा।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे- India TV Hindi
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे Image Source : FILE PHOTO

Eknath Shinde: महाराष्ट्र में हुई भारी बारिश से राज्य के कई जिलों में फसलों को बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। बेमौसम हुई बरसात के चलते तैयार फसलें खराब होने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। इसे लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आज मंगलवार को कहा कि उन्होंने राज्य के कुछ हिस्सों में अत्यधिक बारिश के कारण फसलों के नुकसान के आकलन की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं और आश्वासन दिया है कि प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जाएगा। 

तीन महीनों में लोगों के हित में 72 बड़े फैसले लिए हैं: CM

विदर्भ क्षेत्र के गढ़चिरौली जिले के दौरे से पहले नागपुर एयरपोर्ट पर शिंदे ने मीडिया से कहा कि उनकी सरकार ने पिछले तीन महीनों में लोगों के हित में 72 बड़े फैसले लिए हैं और वह विपक्ष की आलोचना का जवाब उनकी सरकार ने जो काम किया है, उसे दिखाकर देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि कैबिनेट का विस्तार सही समय आने पर होगा। 

किसानों के मौजूदा हालात पर नहीं छोड़ा जाएगा: एकनाथ शिंदे

राज्य के कुछ हिस्सों में हाल ही में हुई भारी बारिश के चलते प्रभावित किसानों को मुआवजे के भुगतान की स्थिति के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि उन्होंने युद्ध स्तर पर नुकसान का पंचनामा यानी मौके पर जाकर आकलन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा, "प्रभावित किसानों को मुआवजा मिलेगा, उन्हें उनके मौजूदा हालात पर नहीं छोड़ा जाएगा। सरकार किसानों के साथ खड़ी है।" 

'समृद्धि एक्सप्रेसवे को अगले महीने जनता के लिए खोले जाने की उम्मीद' 

शिंदे ने कहा कि नागपुर से शिरडी तक बने समृद्धि एक्सप्रेसवे को अगले महीने जनता के लिए खोले जाने की उम्मीद है। मौजूदा समय में चल रही समृद्धि एक्सप्रेसवे परियोजना का मकसद विदर्भ के सबसे बड़े शहर नागपुर को देश की वित्तीय राजधानी मुंबई से जोड़ना है। कांग्रेस नेता नाना पटोले की ओर से सत्तारूढ़ शिंदे-बीजेपी सरकार की आलोचना पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार प्रचंड बहुमत से बनी है। 

विपक्षी दलों को आलोचना करने दें, उन्हें अपने काम से जवाब देंगे: सीएम 

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले तीन महीनों में उनकी सरकार ने जनहित में 72 बड़े फैसले लिए हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए ग्राम पंचायत चुनावों में बीजेपी को 397 सीटें मिलीं और बालासाहेबंची शिवसेना (शिंदे के नेतृत्व वाली) को 243 सरपंच मिले। शिंदे ने कहा कि इस बड़ी जीत ने उन्हें डरा दिया है। विपक्षी दलों को हमारी आलोचना करने दें, हम उन्हें अपने काम से जवाब देंगे। 

शिंदे के बगावत के बाद राज्य में MVA की सरकार गिर गई थी

गौरतलब है कि एकनाथ शिंदे के धड़े वाली शिवसेना के बगावत करने के बाद राज्य में महा विकास आघाड़ी (MVA) की सरकार गिर गई थी और शिंदे ने 30 जून को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।