1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. शिंदे ने सस्पेंस से उठाया पर्दा, अटकलों को दिया विराम, जानिए मुंबई मेयर को लेकर क्या बोले?

शिंदे ने सस्पेंस से उठाया पर्दा, अटकलों को दिया विराम, जानिए मुंबई मेयर को लेकर क्या बोले?

 Reported By: Sachin Chaudhary Edited By: Niraj Kumar
 Published : Jan 19, 2026 11:55 pm IST,  Updated : Jan 19, 2026 11:55 pm IST

एकनाथ शिंदे ने तमात अटकलों को विराम देते हुए मुंबई मेयर पद को लेकर सस्पेंस पर से पर्दा उठा दिया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि मुंबई महानगरपालिका में महायुति का ही मेयर बनेगा। जनादेश के साथ विश्वासघात नहीं।

Eknath shinde- India TV Hindi
एकनाथ शिंदे Image Source : PTI

मुंबई:  महाराष्ट्र नगरपालिका चुनावों में महायुति की महाविजय के बाद सबसे ज्यादा चर्चा बीएमसी के मेयर को लेकर है। हालांकि बीएमसी में महायुति को बहुमत मिला है और सबसे ज्यादा सीटें बीजेपी को मिली हैं इसलिए बीजेपी का मेयर बनने की संभावना ज्यादा है। लेकिन एकनाथ शिंदे ने अपने पार्षदों को मुंबई के एक फाइव होटल में ठहरा कर मेयर पद को लेकर सस्पेंस गहरा कर दिया था। तरह-तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं। लेकिन आज शिंदे ने अटकलों को विराम देते हुए मेयर पद को लेकर सस्पेंस पर से पर्दा उठा दिया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि मुंबई महानगरपालिका में महायुति का ही मेयर बनेगा।

मुंबई में महायुति का ही महापौर बनेगा

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने स्पष्ट रूप से कहा कि शिवसेना और भाजपा ने मुंबई महानगरपालिका चुनाव महायुति के रूप में मिलकर लड़ा है और मुंबई में महायुति का ही महापौर बनेगा। उन्होंने यह भी बताया कि ठाणे, कल्याण-डोंबिवली, उल्हासनगर सहित जिन-जिन नगरपालिकाओं में महायुति के रूप में एक साथ चुनाव लड़ा गया है, वहां महायुति का ही महापौर बनाया जाएगा।

मुंबई महानगरपालिका चुनाव में किसी एक पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने और शिवसेना द्वारा अपने नगरसेवकों को फाइव स्टार होटल में ठहराए जाने के कारण कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे। लेकिन इन सभी अटकलों को विराम देते हुए शिंदे ने साफ कहा कि मुंबई में महायुति का ही महापौर बनेगा।

जनादेश से विश्वासघात नहीं

उन्होंने कहा कि मुंबई के नागरिकों ने बड़े विश्वास के साथ महायुति के रूप में शिवसेना–भाजपा को वोट दिया है और उनके जनादेश से विश्वासघात कर शिवसेना कोई अलग निर्णय नहीं लेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर विश्वास न करें।

इसके साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन-जिन नगरपालिकाओं में शिवसेना और भाजपा ने महायुति के रूप में मिलकर चुनाव लड़ा है, वहां भी महायुति का ही महापौर बनाया जाएगा। इसलिए मुंबई सहित महाराष्ट्र में किसी नए राजनीतिक समीकरण बनने की चर्चाओं में कोई सच्चाई नहीं है। मुंबई में शिवसेना–भाजपा–रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (महायुति) का ही महापौर बनेगा, ऐसा उन्होंने दोहराया।

मुंबई का मेयर कौन?  

  • बीजेपी- 89 पार्षद
  • शिवसेना-  29 पार्षद
  • NCP- 03 पार्षद
  • कुल- 121 पार्षद
  • मेयर के लिए चाहिए- 114 पार्षद

भाजपा के नवनिर्वाचित पार्षदों को महापौर पद के लिए आरक्षण और इस पद से संबंधित अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए अगले 8 से 10 दिन तक महानगर से बाहर नहीं जाने को कहा गया है। पार्टी के एक नेता ने सोमवार को यह जानकारी दी। महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई और 28 अन्य नगर निकायों के महापौरों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू कर दी है। महापौर पद के लिए लॉटरी 22 जनवरी को निकाली जाएगी। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।