1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार विधानसभा चुनाव के लिए भेजी जाने वाली 15 लाख रुपये कीमत की शराब जब्त

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए भेजी जाने वाली 15 लाख रुपये कीमत की शराब जब्त

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 24, 2020 05:26 pm IST,  Updated : Sep 24, 2020 05:26 pm IST

पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के भगत तेंदुआ में गुरुवार को पुलिस ने बिहार के विधानसभा चुनावों में भेजी जाने वाली 15 लाख रुपये कीमत की देशी-विदेशी शराब एक गोदाम से बरामद कर इस सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

liquor Seized worth Rs 15 lakh sent for Bihar assembly election- India TV Hindi
liquor Seized worth Rs 15 lakh sent for Bihar assembly election । Picture for representation Image Source : FILE PHOTO

मेदिनीनगर (झारखंड)। पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के भगत तेंदुआ में गुरुवार को छापामारी कार्रवाई कर पुलिस ने बिहार के विधानसभा चुनावों में भेजी जाने वाली 15 लाख रुपये कीमत की देशी-विदेशी शराब एक गोदाम से बरामद कर इस सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। छत्तरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शम्भू कुमार सिंह ने पीटीआई-भाषा को बताया कि जब्त शराब को बिहार के औरंगाबाद भेजे जाने की तैयारी थी जहां विधानसभा चुनाव के दौरान इसका उपयोग होना था।

उन्होंने बताया कि उक्त कार्रवाई खुफिया सूचना के आधार पर की गयी। उन्होंने बताया कि उक्त गोदाम में शराब के अलावे भारतीय खाद्य निगम के चावल के भरे बोरे भी अवैध रूप से रखे मिले। इस संबंध में स्थानीय प्रशासन एवं आपूर्ति महकमे को सूचित कर दिया गया है। सिंह ने बताया कि छापामारी स्थल से एक बोलेरो गाड़ी जब्त हुई है और तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है जबकि गोदाम का मालिक फरार है।

उन्होंने बताया कि गोदाम पंचायत प्रतिनिधि उमेश साव का है और वह बेलौदर पंचायत का मुखिया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। उन्होंने बताया कि अबतक शराब की बोतलों से भरी 1200 से अधिक पेटी बरामद की गयी है। जिसे छह पिकअप वैन के जरिए अनुमंडल मुख्यालय छत्तरपुर भेजा जा चुका है और शेष अन्य बोतलों की गिनती जारी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।