1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में आधी रात चला 'पीला पंजा', फैज-ए-इलाही मस्जिद के अवैध निर्माण पर चले बुलडोजर

दिल्ली में आधी रात चला 'पीला पंजा', फैज-ए-इलाही मस्जिद के अवैध निर्माण पर चले बुलडोजर

 Reported By: Kumar Sonu, Edited By: Malaika Imam
 Published : Jan 07, 2026 06:36 am IST,  Updated : Jan 07, 2026 11:28 am IST

दिल्ली के तुर्कमान गेट के पास बनी फैज-ए-इलाही मस्जिद के अवैध निर्माण को तोड़ने के लिए 30 से ज्यादा बुलडोजर पहुंचे। ड्रोन कैमरे से आस-पास के इलाके पर नजर रखी जा रही है।

फैज-ए-इलाही मस्जिद के अवैध निर्माण पर बुलडोजर कार्रवाई- India TV Hindi
फैज-ए-इलाही मस्जिद के अवैध निर्माण पर बुलडोजर कार्रवाई Image Source : ANI

दिल्ली के रामलीला मैदान के पास तुर्कमान गेट स्थित फैज-ए-इलाही मस्जिद के निकट अतिक्रमण हटाया गया। फैज-ए-इलाही मस्जिद के अवैध निर्माण को ढहाने के लिए प्रशासन ने आधी रात का समय चुना। कोर्ट से मस्जिद कमेटी को कोई राहत न मिलने के बाद दिल्ली नगर निगम (MCD) की टीम 30 से ज्यादा बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची।

छावनी में तब्दील हुआ इलाका

आधी रात में ही बुलडोजर के जरिए मस्जिद के अवैध निर्माण को गिराया गया। जिस जगह मस्जिद बनी हुई है, वह सेंसेटिव इलाका है। इसे ध्यान में रखते हुए रूट डायवर्जन को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से एडवाइजरी जारी की गई है। अवैध निर्माण गिराने को लेकर दिल्ली पुलिस ने फैज-ए-इलाही मस्जिद के आस-पास पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया है।

ड्रोन कैमरे से रखी जा रही नजर

कई जिलों की पुलिस फोर्स और पैरामिल्ट्री फोर्स को भी तैनात किया गया है। ड्रोन कैमरे से आस-पास के इलाके पर नजर रखी जा रही है। सोशल मीडिया पर किसी तरह की भ्रामक खबरें कोई भी शख्स ना फैलाए, इसे ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस ने साइबर एक्सपर्ट की स्पेशल टीम गठित की है। इसके अलावा, एंटी सोशल एलिमेंट्स दिल्ली की कानून व्यवस्था न बिगाड़ पाए, इसे ध्यान में रखते हुए भी मैन्युअल इंटेलिजेंस के जरिए नजर रखी जा रही है।

पत्थरबाजी में कई पुलिसकर्मी घायल

दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए दिल्ली नगर निगम ने 7 जनवरी की तड़के इस कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे। पूरे प्रभावित क्षेत्र को 9 जोन में विभाजित किया गया था। प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रैंक के अधिकारी को सौंपी गई थी।

कार्रवाई शुरू करने से पहले पुलिस प्रशासन ने अमन कमेटी के सदस्यों और स्थानीय हितधारकों के साथ कई दौर की बैठकें की थीं। इसका मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति बनाए रखना और किसी भी अप्रिय घटना को रोकना था। अभियान के दौरान कुछ शरारती तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की और पत्थरबाजी की। हालांकि, मौके पर मुस्तैद पुलिस बल ने स्थिति को तुरंत नियंत्रण में ले लिया। पुलिस ने बेहद नपे-तुले और न्यूनतम बल का प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा और स्थिति को बिगड़ने से बचा लिया।

फिलहाल इलाके में पूरी तरह सामान्य स्थिति बहाल है। पत्थरबाजी में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। चांदनी महल थाने के SHO महावीर प्रसाद भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सेंट्रल रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि दिल्ली पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई पूरी तरह न्यायिक निर्देशों के तहत, पेशेवर और संवेदनशील तरीके से की गई है।

ये भी पढ़ें-

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।