1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कांग्रेस ने सीमा पर चीन की गतिविधियों को लेकर संसद में चर्चा करवाने की मांग की

कांग्रेस ने सीमा पर चीन की गतिविधियों को लेकर संसद में चर्चा करवाने की मांग की

 Reported By: Bhasha
 Published : Aug 30, 2020 10:07 pm IST,  Updated : Aug 30, 2020 10:07 pm IST

कांग्रेस ने रविवार को दावा किया कि उपग्रह द्वारा ली गई तस्वीरों से पता चला है कि चीन ने नाकू ला और डोका ला में पूर्वी सीमाओं पर मिसाइल तैनात कर दी हैं जिससे भारत की सुरक्षा को खतरा है।

Congress, Congress Chinese Activities, Chinese Activities On Border, Congress Parliament- India TV Hindi
LAC पर तनाव के बीच कांग्रेस ने हालात पर संसद में चर्चा करवाने की मांग की है।   Image Source : PTI REPRESENTATIONAL

नई दिल्ली: कांग्रेस ने रविवार को दावा किया कि उपग्रह द्वारा ली गई तस्वीरों से पता चला है कि चीन ने नाकू ला और डोका ला में पूर्वी सीमाओं पर मिसाइल तैनात कर दी हैं जिससे भारत की सुरक्षा को खतरा है। पार्टी ने मांग की कि सरकार को इस मुद्दे पर राष्ट्र को विश्वास में लेना चाहिए। कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला और गौरव गोगोई ने संयुक्त डिजिटल प्रेस सम्मेलन में कहा कि सरकार को संसद के मानसून सत्र के दौरान मुद्दे पर चर्चा करनी चाहिए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सभी की चिंताओं पर जवाब देना चाहिए।

सरकारी सूत्रों ने रेखांकित किया कि सशस्त्र बल सीमा पर गतिविधियों पर कड़ी निगाह रख रहे हैं। कांग्रेस के दोनों नेताओं ने पूछा कि मुद्दे पर सरकार चुप क्यों है। शुक्ला ने कहा, ‘हम भारत सरकार से राष्ट्र को विश्वास में लेने का आग्रह करते हैं। सरकार को कोरोना वायरस के साथ इस मुद्दे पर भी संसद में चर्चा करनी चाहिए, और स्पष्ट करना चाहिए कि देश की सुरक्षा को क्या खतरा है।’

लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गोगोई ने कहा कि यह गंभीर चिंता का विषय है जो राष्ट्रीय सुरक्षा को प्रभावित करता है और जिसके भयंकर परिणाम हो सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘यह बहुत ही गंभीर मुद्दा है और हम मोदी सरकार को विस्तारवादी चीन के सैन्य ताकत बढ़ाने के बारे में लगातार याद दिलाते रहे हैं, लेकिन भारत सरकार और प्रधानमंत्री चुप हैं।’ दोनों नेताओं ने कहा कि स्थिति से निपटने के लिए सरकार को अपनी कार्ययोजना के बारे में बताना चाहिए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत