1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. मूंग दाल और चावल से तैयार होती है इतनी टेस्टी खीर कि उंगलियां चाटते रह जाएंगे, फटाफट नोट कर लें बिहार की फेमस मकुटी मिठाई की रेसिपी

मूंग दाल और चावल से तैयार होती है इतनी टेस्टी खीर कि उंगलियां चाटते रह जाएंगे, फटाफट नोट कर लें बिहार की फेमस मकुटी मिठाई की रेसिपी

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Sep 05, 2025 10:32 am IST,  Updated : Sep 05, 2025 10:32 am IST

Makuti Recipe Rice Moong Dal Kheer: मूंग दाल और चावल से सिर्फ खिचड़ी ही नहीं मिठाई भी बनती है। बिहार में इन दो चीजों से टेस्टी मिठाई मकुटी तैयार की जाती है। जानिए कैसे बनाते हैं मकुटी और क्या है इसकी रेसिपी।

मूंगदाल और चावल की मकुटी रेसिपी- India TV Hindi
मूंगदाल और चावल की मकुटी रेसिपी Image Source : INDIA TV

उत्तर भारत में चावल, सेवई, सूजी और लौकी गाजर से खीर बनती है, लेकिन बिहार में लोग मूंग दाल और चावल से खीर बनाकर खाते हैं। इसे मकुटी कहा जाता है। मकुटी बिहार की एक परंपरागत मिठाई है, जो खाने में बहुत टेस्टी और हेल्दी भी होती है। खास बात ये है कि इसे मूंग दाल और चावल से बनाया जाता है। घर में कोई मेहमान आ जाए तो आप दाल चावल से डेजर्ट बना सकते हैं। इस खीर के सामने मिठाई भी फेल लगेंगी। फटाफट नोट करें मूंग दाल और चावल से बनने वाली खीर मकुटी की रेसिपी।

मूंग दाल और चावल की खीर 'मकुटी' बनाने के लिए सामग्री 

आपको इसके लिए करीब 1 लीटर फुलक्रीम दूध चाहिए। करीब तीन बड़े चम्मच धुली मूंग दाल, डेढ़ बड़ी चम्मच चावल, 100 ग्राम मावा, 100 ग्राम चीनी, 8-10 बादाम कटे हुए, 8-10 काजू कटे हुए, थोड़े पिस्ता कटे हुए और इलायची और केसर के धागे चाहिए।

मूंग दाल और चावल की खीर मकुटी की रेसिपी 

पहला स्टेप- इस खीर को बनाने के लिए मूंग दाल और चावल को धोकर एक घंटे के लिए पानी में भिगो दें। भीगने पर दाल चावल का पानी निकाल कर धो लें और कुकर में डालकर थोड़ा पानी डालकर एक सीटी आने तक पका लें। बाद में स्लो गैस पर 5 मिनट के लिए और पकाएं।

दूसरा स्टेप- जब कुकर से प्रेशर निकल जाए तो दाल-चावल को अच्छी तरह मैश कर लें। एक पैन में 1 लीटर दूध डाल कर उबलने के लिए रख दें। केसर के धागों को एक चम्मच दूध में डाल कर भिगो दें। दूध में उबाल आने के बाद उसे थोड़ा गाढ़ा होने तक और पकाएं।

तीसरा स्टेप- अब इसमें मैश की गई दाल-चावल डाल दें और धीमी आंच पर दूध को गाढ़ा होने पकाएं। अब इसमें मावा को मैश करके और केसर को दूध समेत मिला दें। अगर मावा नहीं हो तो इसकी जगह मिल्क पाउडर इस्तेमाल करें। या दूध को ही ज्यादा मात्रा में लेकर गाढ़ा होने तक पका लें।

चौथा स्टेप- जब दूध के गाढ़ा हो जाए तो इसमें चीनी और इलायची डाल दें। 2-3 मिनट और पकाने के बाद गैस बंद कर दें और मकुटी को किसी प्याले या बाउल में निकाल लें। इसमें काजू, बादाम और पिस्ता डाल कर गार्निश करें। इसे फ्रिज में रख दें और ठंड़ा होने पर सर्व करें।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल