1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. इंदौर: राहुल गांधी ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की, CM मोहन यादव बोले- "ये लाशों पर राजनीति है, जनता सब जानती है"

इंदौर: राहुल गांधी ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की, CM मोहन यादव बोले- "ये लाशों पर राजनीति है, जनता सब जानती है"

 Reported By: Anurag Amitabh Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Jan 17, 2026 07:17 am IST,  Updated : Jan 17, 2026 01:27 pm IST

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज इंदौर दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने जलकांड से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। राहुल गांधी के इस दौरे से पहले ही सीएम मोहन यादव ने उन पर निशाना साधा।

Rahul Gandhi- India TV Hindi
राहुल गांधी इंदौर दौरे पर, सीएम मोहन यादव ने साधा निशाना Image Source : PTI/INDIA TV

इंदौर: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आज मध्य प्रदेश के इंदौर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भागीरथपुरा इलाके में पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और बॉम्बे हॉस्पिटल में भी मरीजों से मिले। गौरतलब है कि इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से कई लोगों की मौत हुई थी। 

पीड़ित परिवारों से मुलाकात के बाद क्या बोले राहुल गांधी?

भागीरथपुरा इलाके में पीड़ित परिवारों से मुलाकात करने के बाद राहुल गांधी ने कहा, "जो पीड़ित परिवार हैं, उनसे मैं अभी मिला हूं। उनके परिवार में लोगों की डेथ हुई है। लोगों को डराया जा रहा है। सारे के सारे परिवार पानी पीने के बाद प्रभावित हुए हैं। इंदौर में साफ पानी नहीं मिल सकता है, पानी पीकर लोग मरते हैं।"

राहुल ने कहा, "यह है अर्बन मॉडल, यह सिर्फ इंदौर में नहीं है, यह अलग-अलग शहरों में हो रहा है, जो सरकार की जिम्मेदारी है साफ पानी, यह सब जिम्मेदारी सरकार नहीं निभा रही है। यहां पर जिन लोगों ने ये करवाया है, उसमें सरकार में कोई तो जिम्मेदार होगा । कोई ना कोई जिम्मेदारी सरकार को लेना चाहिए।"

राहुल ने कहा, "आज भी यहां पर साफ पानी नहीं है, मीडिया का ध्यान यहां है, देश का ध्यान यहां है, इसलिए यहां यह चल रहा है। जैसे ही ध्यान हटेगा, यहां से वापस वही हालत हो जाएंगे। यह राजनीति नहीं है। यहां पर मैं विपक्ष का नेता हूं। लोगों की मौत हुई है। लोगों को साफ पानी नहीं मिले तो मदद करने आया हूं।"

राहुल ने कहा, "मैं राजनीति करने नहीं आया हूं, विपक्ष का नेता हूं जिम्मेदारी निभाने आया हूं। मेरी जिम्मेदारी है लोगों को साफ पानी मिले और मैं दिलाकर रहूंगा।"

CM मोहन यादव ने राहुल गांधी के इंदौर दौरे से पहले क्या कहा था?

राहुल गांधी के इंदौर दौरे से पहले सीएम मोहन यादव का बयान सामने आया। मोहन यादव ने कहा, "राहुल गांधी का भागीरथपुरा आना लाशों पर राजनीति है, यह जनता सब जानती है। राहुल गांधी को भागीरथपुरा में हुई घटना के प्रति कोई सहानुभूति नहीं है। 15 दिन हो गए, आज इस मुद्दे को उठाने का हक नहीं है।

मोहन यादव ने कहा, "हमने भागीरथपुरा घटना के बाद घायलों की बीमारी का इलाज कराया, जवाबदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की और IAS को सस्पेंड किया। राहुल गांधी को विपक्ष का रोल करना हो करें, वह हिमाचल जाएं, कर्नाटक जाएं, जहां-जहां उनकी सरकारे हैं। कर्नाटक में 2 महीने पहले लोग मारे गए, राहुल गांधी कर्नाटक जाएं, वहां धरना दें।"

मोहन यादव ने कहा, "कांग्रेस लगातार मध्य प्रदेश में सत्ता से बाहर है इसलिए वह (राहुल) अपना आधार ढूंढने आ रहे हैं। उनको भागीरथपुरा में  हुई घटना के प्रति कोई सहानुभूति भी नहीं है। बड़े दुर्भाग्य के साथ कहना पड़ रहा है कि जब सब कुछ सामान्य हो गया, तब राहुल गांधी को समय मिला। आज 15 दिन हो गए, आज राहुल गांधी को इस मुद्दे को उठाने का क्या हक है।"

मोहन यादव ने कहा, "शुद्ध नर्मदा का पानी मिले, इसके लिए हमने कई प्रकार की अलग-अलग  SOP जारी की हैं और कई प्रकार की जांच की।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।