1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. बैतूल के दामजीपुरा में गोवंश से बर्बरता के बाद भड़की हिंसा,आगजनी की घटनाओं के बाद भारी पुलिस बल तैनात

बैतूल के दामजीपुरा में गोवंश से बर्बरता के बाद भड़की हिंसा,आगजनी की घटनाओं के बाद भारी पुलिस बल तैनात

 Published : Feb 01, 2026 06:17 pm IST,  Updated : Feb 02, 2026 12:08 am IST

दामजीपुरा में एक अमानवीय कृत्य के बाद उपजा जनाक्रोश हिंसक झड़प और आगजनी में बदल गया। एक गाय के साथ कथित दुष्कर्म की घटना के बाद क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया, जिसके बाद भीड़ ने करीब एक दर्जन दुकानों को आग के हवाले कर दिया।

Betul violence- India TV Hindi
बैतूल के दामजीपुरा में भड़की हिंसा Image Source : REPORTER INPUT

बैतूल: मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के दूरस्थ आदिवासी अंचल में बसे ग्राम दामजीपुरा में एक गाय के साथ किए गए दुष्कर्म के बाद हिंसा भड़क उठी। भीड़ ने करीब एक दर्जन दुकानों को आग के हवाले कर दिया। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। हालांकि हिंसा और आगजनी की घटनाओं पर काबू पा लिया गया है। प्रशासन हालात पर नजर रखे हुए है। 

इलाके में भारी पुलिस बल मौजूद

घटनास्थल पर क्षेत्रीय बीजेपी विधायक महेंद्र सिंह चौहान, प्रभारी कलेक्टर अक्षत जैन और पुलिस अधीक्षक (एसपी) वीरेंद्र जैन सहित भारी पुलिस बल मौजूद है। दामजीपुरा में मौजूद आक्रोशित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए एसपी ने आश्वस्त किया कि सभी दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने सभी से शांति बनाए रखते हुए अपने-अपने घर लौटने की अपील भी की। वहीं प्रभारी कलेक्टर अक्षत जैन ने भी ग्रामीणों से कहा कि अगर अतिक्रमण के मामले सामने आते हैं तो उन्हें तत्काल हटाया जाएगा। 

वीडियो वायरल होने के बाद भड़की हिंसा

दरअसल,दामजीपुरा में बीती रात गाय के साथ दुष्कर्म जैसा अमानवीय कृत्य उजागर होने के बाद लोगों में आक्रोश व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहदा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत दामजीपुरा की पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर ही दुष्कर्म के आरोपी की पंचर की दुकान है। सुबह जब इस घटना का वीडियो वायरल हुआ तो लोगों ने आरोपी अब्बू के साथ मारपीट की और ग्रामीणों ने ही उसे पुलिस चौकी तक लाया, जहां पुलिस ने आरोपी को चौकी में बिठा लिया। इस घटना से दामजीपुरा में तनाव की स्थिति बन गई थी। आक्रोशित भीड़ ने करीब एक दर्जन दुकानों को आग के हवाले कर दिया। 

पड़ोसी जिलों से भी बुलाई गई पुलिस फोर्स

जानकारी के अनुसार पंचर की दो, रेडियो सहित अन्य दुकानों में आग लगाई गई है। इसके अलावा एक फोटोकाफी की दुकान भी जला दी गई। पुलिस ने तत्परता से फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पा लिया है। मौके पर वज्र वाहन एवं फायर बिग्रेड तैनात है। बहरहाल, पुलिस प्रत्येक बिंदू पर जांच कर रही है। हालात पूरी तरह कंट्रोल में है और इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पास के जिले नर्मदापुरम, हरदा और छिंदवाड़ा से भी पुलिस बल बुलाया गया है। पूरा इलाका पुलिस छावनी में बदल गया है। 

मयंक भार्गव-बैतूल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।