1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. खुल गई किस्मत, अबू धाबी में भारतीय ने जीती 17 करोड़ रुपये की लॉटरी!

खुल गई किस्मत, अबू धाबी में भारतीय ने जीती 17 करोड़ रुपये की लॉटरी!

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 05, 2018 05:24 pm IST,  Updated : Feb 05, 2018 06:06 pm IST

सुनील के साथ 9 और भारतीयों की किस्मत चमकी और उन्होंने भी 10 हजार दिरहम से लेकर 1 लाख दिरहम तक की रकम जीती...

Big Ticket Lottery- India TV Hindi
Big Ticket Lottery

दुबई: कहते हैं कि जब ऊपरवाला देता है तो छप्पर फाड़कर देता है। ऐसा ही अबू धाबी में रहने वाले भारतीय प्रवासी सुनील माप्पत्ता कृष्णन कुट्टी नैयर के साथ हुआ। सुनील ने अबू धाबी के हालिया 'बिग टिकट ड्रॉ' में 1 करोड़ दिरहम की लॉटरी जीती। भारतीय मुद्रा में बदलने यह रकम लगभग 17 करोड़ 68 लाख रुपये बैठती है। गौरतलब है कि सुनील ने यह लॉटरी टिकट 500 दिरहम (लगभग 8,700 रुपये) में खरीदा था। इससे भी बड़ी बात है कि सुनील इस इनामी राशि को अपने दोस्तों के साथ बांटेंगे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक सेल्स एक्सजिक्यूटिव के तौर पर काम करने वाले सुनील ने अपने चार अन्य दोस्तों दिपिनदास, अभिलाष, साइनुद्दीन और शम्सुद्दीन की मदद से लॉटरी का 500 दिरहम का टिकट खरीदा था। अब वह अपनी इस इनामी राशि को इन्हीं दोस्तों के साथ बांटेंगे। इस बात की जानकारी उनके एक दोस्त ने दी। खास बात यह है कि अभी पिछले ही दिनों एक अन्य भारतीय हरिकृष्णन वी नायर ने 1 करोड़ 20 लाख दिरहम की लॉटरी जीती थी। उन्होंने ही नायर के इस लकी टिकट को ड्रॉ में निकाला।

हालांकि कुछ भी हो, अब सुनील और उनके दोस्त करोड़पति बन चुके हैं। आपको बता दें कि सुनील केरल के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि वह फिलहाल भारत ही आए हुए हैं और जल्द ही अबू धाबी जाएंगे। गौरतलब है कि 9 अन्य भारतीय प्रवासियों ने इस लॉटरी में इनाम जीता है। उन्हें 10 हजार दिरहम से लेकर 1 लाख दिरहम तक की लॉटरी लगी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश