1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. EU ने रूस पर की कड़ी कार्रवाई, पुतिन की दोनों बेटियों पर लगाया प्रतिबंध

EU ने रूस पर की कड़ी कार्रवाई, पुतिन की दोनों बेटियों पर लगाया प्रतिबंध

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 08, 2022 06:07 pm IST,  Updated : Apr 08, 2022 06:07 pm IST

ईयू के एक बड़े अधिकारी ने कहा, हमारे प्रतिबंधों का उद्देश्य रूसी सैनिकों के लापरवाह, अमानवीय और आक्रामक व्यवहार को रोकना है।

EU Putin Daughters, Vladimir Putin, Vladimir Putin Daughters- India TV Hindi
European Commission President Ursula von der Leyen and Russia President Vladimir Putin. Image Source : AP

Highlights

  • यूरोपीय संघ ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की 2 वयस्क बेटियों पर भी प्रतिबंध लगा दिए हैं।
  • हमारे प्रतिबंधों का उद्देश्य रूसी सैनिकों के लापरवाह, अमानवीय और आक्रामक व्यवहार को रोकना है: बोरेल
  • ब्रिटेन ने 1,200 रूसी नागरिकों और कारोबारों पर प्रतिबंध लगाये हैं जिनमें 16 बैंक भी शामिल हैं।

ब्रसेल्स: यूरोपीय संघ ने यूक्रेन पर आक्रमण के चलते रूस को निशाना बनाने वाले नए प्रतिबंधों के तहत रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की 2 वयस्क बेटियों पर भी प्रतिबंध लगा दिए हैं। ईयू के 2 अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि यूरोपीय देशों के संघ ने उन लोगों की एक अद्यतन सूची तैयार की है, जिनकी संपत्ति जब्त की जाएगी और यात्रा प्रतिबंध लगाए जाएंगे। इनमें पुतिन की बेटी मारिया वोरोनत्सोवा और कतरीना तिखोनोवा का नाम भी शामिल है। ईयू के 2 देशों के अधिकारियों ने नाम उजागर न करने की शर्त पर ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ को यह जानकारी दी।

अमेरिका ने भी लगाए थे ऐसे ही प्रतिबंध

खास बात यह है कि इन प्रतिबंधों की अभी तक सार्वजनिक रूप से घोषणा नहीं की गई है। अमेरिका ने भी 2 दिन पहले ऐसे ही प्रतिबंध लगाए थे। कीव के बाहरी क्षेत्र में यातनाओं और हत्याओं के साक्ष्यों के मद्देनजर यूरोपीय संघ ने रूस के खिलाफ प्रतिबंधों का पांचवां पैकेज लागू करने का निर्णय लिया। यूरोपीय संघ के शीर्ष राजनयिक जोसेफ बोरेल ने कहा, ‘इन नवीनतम प्रतिबंधों को बुचा और रूस के कब्जे वाले अन्य क्षेत्रों में रूसी सशस्त्र बलों द्वारा किए गए अत्याचारों के चलते अपनाया गया।’

4 प्रमुख रूसी बैंकों के लेनदेन पर प्रतिबंध
बोरेल ने कहा, ‘हमारे प्रतिबंधों का उद्देश्य रूसी सैनिकों के लापरवाह, अमानवीय और आक्रामक व्यवहार को रोकना है तथा हम क्रेमलिन में निर्णय निर्माताओं को स्पष्ट करना चाहते हैं कि उन्हें अपनी अवैध आक्रामकता की भारी कीमत चुकानी होगी।’ व्यक्तियों और उनके परिजनों, कुलीन वर्गों और क्रेमलिन अधिकारियों पर प्रतिबंधों के अलावा, 27 देशों के संघ ने अगस्त में शुरू होने वाले कोयले के आयात पर प्रतिबंध लगाने के साथ-साथ 4 प्रमुख रूसी बैंकों पर लेनदेन संबंधी प्रतिबंध को भी शुक्रवार को औपचारिक रूप से मंजूरी दे दी।

ईयू, अमेरिका के नक्शेकदम पर चला ब्रिटेन
इस बीच ब्रिटेन ने भी पुतिन की 2 बेटियों को अपनी प्रतिबंध सूची में शामिल किया है। उसने अमेरिका और ईयू द्वारा उठाये गये कदम का अनुकरण करते हुए यह कार्रवाई की। ब्रिटिश सरकार ने शुक्रवार को कहा कि उसने पुतिन की बेटियों, कतरीना तिखोनोवा और मारिया वोरोनत्सोवा तथा रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव की बेटी-याकेतरीना विनोकुरोवा की संपत्ति जब्त कर ली है तथा उनपर यात्रा पाबंदियां लगाई हैं। ब्रिटेन ने कहा है कि यूक्रेन पर 24 फरवरी को रूसी हमला होने के बाद से उसने 1,200 रूसी नागरिकों और कारोबारों पर प्रतिबंध लगाये हैं जिनमें 16 बैंक भी शामिल हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश