श्रीनगर: श्रीनगर में CRPF के एक जवान ने शिविर के भीतर अपने दो साथियों पर गोली चलाने के बाद खुद को भी गोली मारकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि ये घटना शनिवार देर रात की है और मृतक जवान की पहचान मुकेश भावुक के तौर पर की गई है।
Related Stories
उन्होंने बताया कि CRPF की 29वीं बटालियन के पांथा चौक शिविर में किसी बात को लेकर भावुक की अपने एक साथी से बहस हो गई थी, जिसके बाद उसने अपनी सर्विस राइफल से गोली चला दी। अधिकारी ने बताया कि इस घटना में दो जवान घायल हो गए। उन्होंने बताया कि बाद में भावुक ने खुद को भी गोली मार ली जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने कहा, "अपने साथियों को घायल करने के बाद सीआरपीएफ जवान ने खुद को बाथरूम में बंद कर लिया, जहां उसने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली।" फिलहाल, घायल जवानों की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि CRPF ने घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विभागीय जांच का आदेश दिया है।