1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. खान-पान की ये आदतें बना रही हैं हड्डियों को नाजुक, बोन हेल्थ को फौलादी बनाने के लिए अपनाएं स्वामी रामदेव के उपाय

खान-पान की ये आदतें बना रही हैं हड्डियों को नाजुक, बोन हेल्थ को फौलादी बनाने के लिए अपनाएं स्वामी रामदेव के उपाय

 Written By: Pankaj Kumar, Edited By: Vanshika Saxena
 Published : Sep 07, 2025 09:59 am IST,  Updated : Sep 07, 2025 10:59 am IST

कहीं आप भी जाने-अनजाने में कुछ ऐसी आदतों को फॉलो तो नहीं कर रहे हैं, जो आपकी बोन हेल्थ को बुरी तरह से प्रभावित कर सकती हैं? आइए स्वामी रामदेव से जानते हैं कि आप अपनी हड्डियों को मजबूत बनाए रखने के लिए क्या कर सकते हैं...

बोन हेल्थ को मजबूत बनाएं- India TV Hindi
बोन हेल्थ को मजबूत बनाएं Image Source : FREEPIK, FILE

थोड़ी-बहुत बॉडी मूवमेंट करते रहने से एनर्जी दोगुनी हो जाती है। लेकिन अगर ये मूवमेंट छोड़ दिया तो हड्डियों के टूटने और चटकने की आवाज सुनाई देने लगेगी। फिटनेस सिर्फ दिखावे के लिए नहीं है, ये आपकी हड्डियों और जिंदगी की मजबूती के लिए जरूरी है। अगर आप शरीर को हिलाना-डुलाना छोड़ देंगे, तो फिर ऐसी नौबत आते देर नहीं लगेगी। सोचिए अगर आपकी हड्डियां बिना किसी हादसे के ही टूटने लगें, तो आपकी जिंदगी कैसी होगी? ऐसा न हो इसके लिए अलर्ट होने की जरूरत है। बिगड़ा लाइफ स्टाइल और खराब खानपान हड्डियों को कमजोर और बीमार करता है।

क्या कहती है स्टडी?

एक नई स्टडी के मुताबिक अगर आप नाश्ता स्किप करते हैं और रात में देर से खाना खाते हैं तो मानकर चलिए कि आपकी हड्डियों के टूटने का खतरा ज्यादा है। देर रात खाना खाने की आदत आपको 'ऑस्टियो-पोरोसिस' की ओर धकेल सकती है। ये एक ऐसी बीमारी है, जो हड्डियों को इतना कमजोर बना देती है कि छोटी सी चोट ही नहीं, कई बार जोर से लगा झटका भी कूल्हे, रीढ़, हाथ और कंधे की हड्डियों को तोड़ सकता है। जापान की 'नारा मेडिकल यूनिवर्सिटी' की नई स्टडी बताती है कि देर रात का डिनर आपकी 'बॉडी क्लॉक' बिगाड़ देता है और नतीजा हड्डियों के जोड़ों में सूजन और लगातार दर्द बढ़ जाना। ये इसलिए भी डेंजरस है क्योंकि स्टडी के मुताबिक देर रात खाने की आदत वाले 45% लोगों में गठिया की शिकायत पाई गई है।

किस-किस चीज से करना चाहिए परहेज?

सिर्फ देर रात का खाना ही नहीं बल्कि ज्यादा नमक, चीनी, जंक फूड, स्मोकिंग, एल्कोहल और स्ट्रेस भी आपकी बोन हेल्थ को तबाह कर सकते हैं। इन चीजों से शरीर में 'क्रॉनिक इंफ्लेमेशन' बढ़ती है और यही इंफ्लेमेशन आगे चलकर गठिया, हार्ट डिजीज, डायबिटीज जैसी बीमारियों की वजह बन जाती है। अब ऐसे में सवाल ये कि इस हेल्थ इशू से बचाव कैसे किया जाए? तो इसका फॉर्मूला बहुत सिंपल है, सही टाइम पर हेल्दी डाइट लें और हर दिन 40 मिनट योग करें।

गठिया की बीमारी का कारण और इलाज

गलत पॉश्चर में बैठना, खराब खानपान, ज्यादा वजन, विटामिन डी की कमी और कैल्शियम की कमी गठिया का कारण बन सकते हैं। जोड़ों में दर्द से राहत पाने के लिए प्रोसेस्ड फूड, ग्लूटेन फूड, अल्कोहल और ज्यादा चीनी-नमक से परहेज करना जरूरी है। जॉइंट्स पेन से बचाव के लिए वजन को बढ़ने न दें, स्मोकिंग से बचें और अपना पॉश्चर सही रखें। अगर आप अपनी हड्डियां मजबूत बनाना चाहते हैं तो खाने में कैल्शियम की मात्रा को बढ़ा दीजिए। रोज 1 कप दूध पिएं, सेब का सिरका पिएं और गुनगुने पानी में दालचीनी-शहद लें।

बोन हेल्थ को मजबूत कैसे बनाएं?

गठिया के दर्द से आराम पाने के लिए गुनगुने सरसों के तेल की मालिश करें, दर्द की जगह पर गर्म पट्टी बांधें और गुनगुने पानी में सेंधा नमक डालकर सिकाई करें। अगर आप गठिया के मरीज हैं, तो आपको चाय-कॉफी नहीं पीनी चाहिए, टमाटर नहीं खाने चाहिए, शुगर कम कर देनी चाहिए, तला-भुना खाने से बचना चाहिए और अपने वजन को कंट्रोल में रखना चाहिए। हड्डियों को मजबूत बनाने के लिए आप घर में पीड़ान्तक तेल भी बना सकते हैं। इसके लिए आपको अजवाइन, लहसुन, मेथी, सोंठ, हल्दी, निर्गुंडी, पारिजात, अर्क पत्र को अच्छी तरह से कूटकर सरसों या तिल के तेल में उबाल लेना है और फिर इस होममेड तेल से मसाज करनी है। इसके अलावा गिलोय का काढ़ा, हरसिंगार फूल का रस, हल्दी-मेथी-सौंठ पाउडर और हल्दी दूध जैसे सुपरफूड्स भी हड्डियों के लिए काफी ज्यादा फायदेमंद साबित हो सकते हैं।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हेल्थ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।