1. Hindi News
  2. नॉर्थ ईस्ट
  3. अरुणाचल प्रदेश
  4. अरुणाचल प्रदेश में मजबूत होगी ताकत, राजनाथ सिंह ने BRO की 75 परियोजनाओं का किया उद्घाटन

अरुणाचल प्रदेश में मजबूत होगी ताकत, राजनाथ सिंह ने BRO की 75 परियोजनाओं का किया उद्घाटन

 Edited By: Amar Deep
 Published : Oct 12, 2024 06:23 pm IST,  Updated : Oct 12, 2024 06:23 pm IST

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बीआरओ की 75 परियोजनाओं का आज ऑनलाइन माध्यम से उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने शस्त्र पूजा भी की।

राजनाथ सिंह ने BRO की 75 परियोजनाओं का किया उद्घाटन।- India TV Hindi
राजनाथ सिंह ने BRO की 75 परियोजनाओं का किया उद्घाटन। Image Source : RAJNATHSINGH(X)

ईटानगर: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑनलाइन माध्यम से सीमा सड़क संगठन (BRO) की 75 परिवर्तनकारी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें से 18 परियोजनाएं अरुणाचल प्रदेश में हैं। इन 18 परियोजनाओं में 3 प्रमुख सड़कें, 14 पुल और एक हेलीपैड शामिल हैं। बता दें कि इस मौके पर अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) के. टी. परनाइक भी ईटानगर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम में शामिल हुए।

राज्यपाल ने दी जानकारी

इस मौके पर राज्यपाल ने राज्य और राष्ट्र दोनों के लिए इन परियोजनाओं के रणनीतिक महत्व के बारे में जानकारी दी। राज्यपाल ने कहा, ‘‘इन परियोजनाओं के पूरा होने से राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूती मिलेगी, सतह और हवाई संपर्क में सुधार होगा और राज्य में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।’’ इसके साथ ही उन्होंने अरुणाचल प्रदेश की जनता की ओर से केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। राज्यपाल ने कहा कि इन परियोजनाओं से सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। 

राजनाथ सिंह ने की शस्त्र पूजा

इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विजयादशमी के अवसर पर पश्चिम बंगाल में सेना की एक कोर के मुख्यालय में शस्त्र पूजा की। राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर लिखा, "भारत में विजया दशमी के अवसर पर शस्त्र पूजा की एक लंबी परंपरा रही है। आज मैंने दार्जिलिंग के सुकना में 33 कोर के मुख्यालय में शस्त्र पूजा की।" इसके साथ ही उन्होंने तस्वीरें भी शेयर कीं। 

जरूरत पड़ी तो किया जाएगा उपयोग

इस मौके पर राजनाथ सिंह ने कहा कि यह अनुष्ठान एक "स्पष्ट संकेत है कि यदि आवश्यकता हुई तो हथियारों व उपकरणों का पूरी ताकत से उपयोग किया जाएगा।” सुकना स्थित 33 कोर को 'त्रिशक्ति' कोर के नाम से जाना जाता है। यह सिक्किम सेक्टर में चीन से लगी वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार है।

बड़ा कदम उठाने में संकोच नहीं

वहीं रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में राजनाथ सिंह के हवाले से कहा, "भारत ने कभी भी किसी देश पर घृणा या बुरी नीयत से हमला नहीं किया। हम तभी लड़ते हैं जब कोई हमारी अखंडता और संप्रभुता का अपमान करता है या उसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश करता है; जब धर्म, सत्य और मानवीय मूल्यों के विरूद्ध युद्ध छेड़ा जाता है, यही हमें विरासत में मिला है। हम इस विरासत को संरक्षित करना जारी रखेंगे।” उन्होंने कहा, “हालांकि, यदि हमारे हितों को खतरा है तो हम बड़ा कदम उठाने में संकोच नहीं करेंगे। शस्त्र पूजा एक स्पष्ट संकेत है कि अगर आवश्यकता हुई तो हथियारों, उपकरणों का पूरी ताकत से उपयोग किया जाएगा।"  (इनपुट- एजेंसी)

यह भी पढ़ें- 

जेल की रामलीला में वानर बने दो कैदी, माता सीता को खोजते-खोजते हुए फरार; अब उनकी तलाश कर रही पुलिस

पुरुष बीवी से यौन इच्छा व्यक्त नहीं करेगा तो कहां जाएगा? हाई कोर्ट की टिप्पणी, जानिए और क्या कहा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Arunachal Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें नॉर्थ ईस्ट