1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. ओशिवारा इलाके में हुई गोलीबारी के केस में गिरफ्तार हुए कमाल आर खान, जानें क्या है पूरा मामला

ओशिवारा इलाके में हुई गोलीबारी के केस में गिरफ्तार हुए कमाल आर खान, जानें क्या है पूरा मामला

 Reported By: Saket Rai Edited By: Shyamoo Pathak
 Published : Jan 24, 2026 12:08 am IST,  Updated : Jan 24, 2026 08:44 am IST

मुंबई पुलिस ने ओशिवारा इलाके में हुई गोलीबारी की घटना को लेकर पूछताछ के बाद बॉलीवुड एक्टर कमाल आर खान को गिरफ्तार कर लिया है। कमाल आर खान इस मामले के मुख्य संदिग्धों की सूची में शामिल थे।

Kamal R Khan- India TV Hindi
कमाल आर खान Image Source : IMAGE SOURCE : WIKIMEDIA COMMONS

मुंबई: मुंबई पुलिस ने हाल ही में ओशिवारा इलाके में हुई गोलीबारी की घटना के सिलसिले में अभिनेता कमाल आर खान से पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया था कि शुरुआत में खान को न तो पुलिस हिरासत में लिया गया था और न ही औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, वह पुलिस के प्रमुख संदिग्धों की सूची में शामिल थे। गोलीबारी की घटना को लेकर पूछताछ के बाद उन्हें पुलिस ने अब औपचारिक तौर पर गिरफ्तार कर लिया है।

ओशिवारा गोलीबारी मामला

पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि रविवार रात पश्चिमी मुंबई के ओशिवारा स्थित एक रिहायशी इमारत के अलग-अलग फ्लैटों से दो गोलियां बरामद की गईं। पुलिस के मुताबिक, एक गोली नालंदा अपार्टमेंट की दूसरी मंजिल के फ्लैट से और दूसरी चौथी मंजिल के फ्लैट से मिली। स्थानीय पुलिस और क्राइम ब्रांच तुरंत मौके पर पहुंची और यह पता लगाने के लिए जांच शुरू की कि गोलियां फ्लैटों के अंदर कैसे पहुंचीं। जांच के तहत अधिकारी परिसर की जांच कर सबूत जुटा रहे हैं।

क्राइम ब्रांच का नया खुलासा

बीते रविवार मुंबई के ओशिवारा में स्थित नालंदा सोसायटी के पास गोलीबारी की घटना सामने आई। घटना के बाद पुलिस की एक टीम और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन उस वक्त यह पता नहीं चल पाया की गोली किस दिशा से चली थी। इस दौरान पुलिस की टीम और क्राइम ब्रांच की टीम ने मिलकर गोली की दिशा और फॉरेंसिक एनालिसिस के बाद यह पता कर लिया कि गोली किस तरफ से फायर हुई होगी। पुलिस की टीम ने जांच की और KRK के घर के पास की लोकेशन को मार्क किया...साथ ही इस दौरान सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की गई। इस पूरे प्रकरण में गनीमत यह रही की गोली किसी को लगी नहीं साथ ही बता दें इसी बिल्डिंग में लेखक-निर्देशक नीरज कुमार मिश्रा (45) उसी इमारत के दूसरे फ्लोर पर रहते हैं, जबकि मॉडल प्रतीक बैद (29) चौथे फ्लोर पर रहते हैं। 

कमाल आर खान कौन हैं?

कमाल आर खान (केआरके) एक भारतीय फिल्म हस्ती, अभिनेता, निर्माता, लेखक और इंटरनेट कमेंटेटर हैं, जो बॉलीवुड और सोशल मीडिया पर अपनी विवादास्पद उपस्थिति के लिए जाने जाते हैं। 1 जनवरी, 1975 को उत्तर प्रदेश के देवबंद में जन्मे केआरके को 2008 में आई फिल्म 'देशद्रोही' के निर्माण, लेखन और अभिनय के बाद लोकप्रियता मिली। केआरके बिग बॉस सीजन 3 (2009) में दिखाई दिए, जिससे उनकी लोकप्रियता में काफी वृद्धि हुई, और बाद में उन्होंने 'एक विलेन' (2014) में सहायक भूमिका निभाई। आज, वे मुख्य रूप से यूट्यूब और एक्स पर एक स्व-घोषित फिल्म समीक्षक के रूप में जाने जाते हैं, जहां उनकी तीखी, उत्तेजक समीक्षाएं और मशहूर हस्तियों पर व्यक्तिगत हमले अक्सर बहस और कानूनी विवादों को जन्म देते हैं।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन