1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कर्नाटक में येदियुरप्पा मंत्रिमंडल का विस्तार 20 अगस्त को

कर्नाटक में येदियुरप्पा मंत्रिमंडल का विस्तार 20 अगस्त को

 Reported By: Bhasha
 Published : Aug 17, 2019 11:13 pm IST,  Updated : Aug 17, 2019 11:17 pm IST

कर्नाटक में 22 दिनों से अकेले सरकार चला रहे मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा को अंतत: शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से 20 अगस्त को मंत्रिमंडल विस्तार करने की हरी झंडी मिल गई।

Yediurappa- India TV Hindi
कर्नाटक में येदियुरप्पा मंत्रिमंडल का विस्तार 20 अगस्त को Image Source : PTI

बेंगलुरुकर्नाटक में 22 दिनों से अकेले सरकार चला रहे मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा को अंतत: शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से 20 अगस्त को मंत्रिमंडल विस्तार करने की हरी झंडी मिल गई। मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘भाजपा विधायक दल की बैठक मंगलवार को सुबह 10 बजे विधान सौध के सभागार में होगी। उसी दिन दोपहर को मंत्रिमंडल विस्तार होगा।’’

येदियुरप्पा ने गुरुवार को दिल्ली के लिए रवाना होने से पहले कहा था कि वह अमित शाह से बात कर लंबित मंत्रिमंडल विस्तार को अंतिम रूप देंगे। भाजपा सूत्रों ने पीटीआई भाषा से कहा कि संभावना है कि 13 मंत्री मंगलवार को पद और गोपनीयता की शपथ लें। राज्य में मंत्रियों की अधिकतम संख्या 34 हो सकती है और ऐसे में बाकी मंत्रियों को बाद में मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा।

सूत्रों ने बताया कि मंत्रिमंडल विस्तार में देरी हुई, क्योंकि पार्टी संभावित मंत्रियों के नामों को तय नहीं कर पा रही थी। पहले भी इस मुद्दे पर चर्चा के लिए येदियुरप्पा दिल्ली गए थे लेकिन अंतिम फैसला नहीं हो पाया।

पार्टी सूत्रों ने कहा कि सबसे बड़ी चुनौती जातीय समीकरण है। पार्टी के कुल विधायकों में 39 लिंगायत समुदाय से आते हैं और स्वयं मुख्यमंत्री इसी समुदाय से हैं। लिंगायत भाजपा के सबसे बड़े समर्थक हैं। लिंगायत के बाद वोक्कालिगा हैं। इस समुदाय के प्रमुख चेहरों में आर अशोक, डॉ.सीएन अश्वथ नरायाण, सीटी रवी और एसआर विश्वनाथ शामिल हैं।

पार्टी को मंत्रिमंडल में दलित समुदाय, अनुसूचित जनजाति, ब्राह्मण और अन्य पिछड़ी जातियों को प्रतिनिधित्व देना होगा। पिछली कांग्रेस-जदस सरकार के अयोग्य करार दिए गए 17 विधायकों को भी सरकार में समायोजित किया जा सकता है।

कांग्रेस और जद(एस) मंत्रिमंडल विस्तार में हो रही देरी को लेकर भाजपा की ओलाचना कर रही है और येदियुरप्पा पर एक व्यक्ति की सरकार चलाने का आरोप लगाया गया है। येदियुरप्पा ने 26 जुलाई को चौथी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और 29 जुलाई को विधानसभा में विश्वासमत हासिल किया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत