1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. 'जो हाथ उठेगा उसे काट दिया जाएगा', जानें अब क्यों भड़का इजरायल

'जो हाथ उठेगा उसे काट दिया जाएगा', जानें अब क्यों भड़का इजरायल

 Published : Jul 07, 2025 11:52 am IST,  Updated : Jul 07, 2025 07:41 pm IST

इजरायल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने देश के दुश्मनों को सीधी चेतावनी दे डाली है। काट्ज ने कहा है कि जो भी इजरायल को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेगा, उसे जवाब मिलेगा।

इजरायल ने यमन में हूती...- India TV Hindi
इजरायल ने यमन में हूती विद्रोहियों को बनाया निशाना Image Source : AP

Israel Attack Houthis: इजरायल और ईरान के बीच जंग भले ही थम गई हो लेकिन इजरायल की सेना अब भी कई मोर्चों पर जंग लड़ रही है। अब इजरायल की सेना ने यमन में हूती विद्रोहियों को निशाना बनाया है। इजरायल ने  हूती विद्रोहियों के कब्जे वाले बंदरगाहों और उनके ठिकानों को निशाना बनाकर सोमवार तड़के हवाई हमले किए है। हूतियों ने भी इजरायली हमलों का जवाब देते हुए मिसाइलें दागी हैं। इस बीच इजरायल के रक्षा मंत्री ने दुश्मनों को बड़ी चेतावनी दे डाली है।

'हाथ काट दिया जाएगा'

इजरायल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने कहा है कि यमन का अंजाम भी तेहरान जैसा ही होगा। जो भी इजरायल को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेगा, उसे जवाब मिलेगा। जो इजरायल पर हाथ उठाएगा, उसका हाथ काट दिया जाएगा। हूतियों को अपने किए की भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।

इजरायल की सेना ने क्या कहा?

इस बीच इजरायल की सेना ने कहा है कि उसने हूती विद्रोहियों के कब्जे वाले होदेदा, रास ईसा और सालिफ बंदरगाहों के साथ-साथ रास कनातिब ऊर्जा संयंत्र पर हमले किए है। उसने कहा, ‘‘इन बंदरगाहों का इस्तेमाल हूती ईरान से हथियार लाने के लिए करते थे। ये हथियार फिर इजरायल और उसके सहयोगियों के खिलाफ आतंकवादी हमलों में इस्तेमाल किए जाते हैं।’’ 

हूतियों ने इजरायल पर किए हमले

इजरायल की सेना ने कहा कि उसने ‘गैलेक्सी लीडर’ जहाज पर भी हमला किया। यह वाहन ले जाने वाला एक जहाज है। इस पर हूतियों ने नवंबर 2023 में उस समय कब्जा कर लिया था जब उसने इजरायल-हमास संघर्ष के विरोध में लाल सागर गलियारे में हमले शुरू किए थे। बहामास के ध्वज वाला जहाज ‘गैलेक्सी लीडर’ एक इजरायली अरबपति कारोबारी का था। 

इजरायल ने यमन में हूती विद्रोहियों को बनाया निशाना
Image Source : APइजरायल ने यमन में हूती विद्रोहियों को बनाया निशाना

हूतियों ने क्या कहा?

हूती विद्रोहियों ने इजरायली हमलों की पुष्टि तो की है लेकिन नुकसान के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। हूतियों ने जवाब में इजरायल पर मिसाइल हमला किया है। इजरायल की सेना ने कहा कि उन्होंने मिसाइल को रोकने के प्रयास किए लेकिन वह लक्ष्य तक पहुंच गई। हालांकि, इस हमले में  किसी के घायल होने की अभी तक जानकारी नहीं मिली है। 

यह भी पढ़ें:

पाकिस्तान के साथी तुर्की को लगा बड़ा झटका, पांच सैनिकों की हो गई मौत, जानें कारण

तालिबान ने पाकिस्तान में मचाया कत्लेआम, अर्धसैनिक बल के तीन जवानों की हत्या कर डाली

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश